मध्य प्रदेश में कोरोना वायरस लोगों पर कहर बनकर टूट रहा है। इस बीच सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है, जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। मध्य प्रदेश के उज्जैन शहर का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक शख्स अपनी पत्नी को ठेले पर लादकर अस्पताल ले रहा है।

वायरल वीडियो में देख सकते हैं कि शख्स की पत्नी को ऑक्सीजन सिलेंडर लगा हुआ है। बताया जा रहा है कि महिला की तबियत बिगड़ने के बाद परिजनों ने एम्बुलेंस के लिए कॉल किया था, लेकिन एम्बुलेंस नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने पास ही में खड़े ठेले को एम्बुलेंस की तरह इस्तेमाल किया और ऑक्‍सीजन सिलेंडर लगाकर मरीज को अस्पताल ले गए।

इस घटना को जिसने भी देखा उसके होश उड़ गए। यह वीडियो देश के अस्पतालों की बुरी हालत को बयां करने के लिए काफी है। शख्स ने बताया कि उनकी पत्नी को दमे की शिकायत है। अचानक ही उसे सांस लेने में तकलीफ हुई और उसकी सांस तेजी से चलने लगी। इसके बाद जब उसकी सांसे अटकने लगी तो इलाज के लिए उज्जैन लाया गया।

शख्स ने बताया कि पत्नी की तबीयत ज्यादा खराब होने पर वह घबरा गए और एम्बुलेंस को कॉल किया। हालांकि एम्बुलेंस वाले ने आने से मना कर दिया। इसके बाद उन्होंने पास में ही रहने वाले एक व्यक्ति से ठेला गाड़ी 50 रुपये किराए देकर लिया और ऑक्‍सीजन सिलेंडर का जुगाड़ कर पत्नी को ठेले में लेकर गए। शख्स ने बताया कि महिला को रास्ते भर ऑक्सीजन दी गई। थोड़ी देर हो जाती तो कुछ भी हो सकता था।