*बाबा के बताए सत्य के मार्ग पर चलकर ही बनेगा विकसित छत्तीसगढ़: मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय*

*लालपुर धाम में गुरु घासीदास जयंती एवं तीन दिवसीय मेले में शामिल हुए मुख्यमंत्री*

*मंदिर एवं जैतखाम में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली और समृद्धि की कामना*

*लालपुर में महाविद्यालय की घोषणा से युवाओं में उत्साह, विकास कार्यों की सौगात*

*सरकार प्रत्येक पात्र किसानों से धान खरीदी के लिए पूर्णतः संकल्पित*

मुंगेली, 18 दिसम्बर 2025// मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय आज जिले के तहसील मुख्यालय लालपुर में आयोजित गुरु घासीदास जयंती एवं तीन दिवसीय मेला कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने बाबा गुरु घासीदास मंदिर एवं जैतखाम में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली के लिए आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम स्थल पर सतनामी कल्याण समिति बंधवा, लालपुर के पदाधिकारियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा पुष्पमाला से मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री श्री साय ने लालपुर क्षेत्र के युवाओं को बड़ी सौगात देते हुए लालपुर में नवीन महाविद्यालय की घोषणा की। साथ ही मेला एवं कार्यक्रम आयोजन हेतु दी जाने वाली राशि को 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 15 लाख रुपये करने, कार्यक्रम स्थल के प्रवेश द्वार निर्माण के लिए 25 लाख रुपये तथा मुंगेली सतनाम भवन के जीर्णाेद्धार हेतु 25 लाख रुपये की स्वीकृति की घोषणा की।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि बाबा गुरु घासीदास द्वारा बताए गए सत्य, समानता और मानवता के मार्ग पर चलकर ही छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाया जा सकता है। हमारी सरकार अपने महापुरुषों के सपनों के अनुरूप समतामूलक और समृद्ध राज्य के निर्माण की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की अधिकांश गारंटियों को पूरा किया गया है। प्रदेश में 18 लाख आवासों की स्वीकृति दी गई है। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को प्राथमिकता दी जा रही है तथा धान खरीदी पूर्ण होने के पश्चात किसानों को अंतर की राशि शीघ्र अंतरित की जाएगी। सरकार प्रत्येक पात्र किसान से धान खरीदी के लिए पूर्णतः संकल्पित है।


मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि बीते दो वर्षों में धान का रकबा और किसानों की संख्या में वृद्धि हुई है। 70 लाख महिलाओं को महतारी वंदन योजना का लाभ दिया जा रहा है। पीएसी चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने बताया कि राज्य में नई औद्योगिक नीति लागू की गई है, जिससे समाज के प्रत्येक वर्ग का बेटा-बेटी उद्यमी बन सके। उन्होंने सभी के सहयोग से विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का आह्वान किया। मुख्यमंत्री श्री साय ने आयोजित कार्यक्रम में सतनाम आचार संहिता और सतनाम जागरूकता कलेंडर का भी विमोचन किया।


उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री श्री साय के नेतृत्व में प्रदेश में गांव, गरीब और सभी वर्गों का तेजी से विकास हो रहा है। अनुसूचित जाति प्राधिकरण को सशक्त करते हुए इसके बजट को 50 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 75 करोड़ रुपये किया गया है। उन्होंने गुरु घासीदास जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बाबा का ‘मनखे-मनखे एक समान’ का संदेश आज भी समाज के लिए अत्यंत प्रासंगिक है। बाबा ने अपने समय में ऊँच-नीच, भेदभाव और छुआछूत जैसी सामाजिक बुराइयों का सशक्त विरोध किया और सामाजिक समरसता का मार्ग दिखाया। कैबिनेट मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य में सर्व समाज का समावेशी विकास हो रहा है। सतनामी समाज के शैक्षणिक विकास के लिए सरकार द्वारा निरंतर सहयोग दिया जा रहा है। अनुसूचित समाज के पांच प्रतिभावान बेटा-बेटियों को पायलट प्रशिक्षण हेतु 15-15 लाख रुपये की सहायता देने का निर्णय सरकार की दूरदर्शिता को दर्शाता है।
कार्यक्रम में खाद्य मंत्री श्री दयालदास बघेल, अहिवारा विधायक श्री डोमन लाल कोरसेवाड़ा, पूर्व विधायक श्री सनम जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री श्रीकांत पांडेय, उपाध्यक्ष श्रीमती शांति देवचरण भास्कर, जनपद अध्यक्ष लोरमी श्रीमती वर्षा विक्रम सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष श्री सुजीत वर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में सतनामी समाज के अनुयायी उपस्थित रहे। प्रशासनिक अधिकारियों में आईजी श्री संजीव शुक्ला, कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार, पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल, डीएफओ श्री अभिनव कुमार, जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पांडेय सहित अन्य अधिकारी कार्यक्रम में मौजूद रहे।