सेतगंगा कुंड में डूबने से मासूम की दर्दनाक मौत, मेला स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
मुंगेली (फास्टेरपुर)।
मुंगेली जिले के फास्टेरपुर क्षेत्र अंतर्गत माड़ाडबरी निवासी संतोष यादव के नाती का 1 फरवरी 2026 को सेतगंगा कुंड में डूबने से आकस्मिक निधन हो गया। यह हृदयविदारक घटना सुबह करीब 10 से 11 बजे के बीच हुई, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक अपने परिवार के साथ सेतगंगा में आयोजित गंगा मेले में शामिल होने गया था। इसी दौरान कुंड में स्नान करते समय वह अनजाने में अधिक गहराई में चला गया और डूब गया। भीड़ अधिक होने के कारण काफी देर तक किसी को इस घटना की जानकारी नहीं हो सकी। बाद में आसपास मौजूद लोगों ने काफी खोजबीन के बाद पानी में उतरकर उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी।
बताया जा रहा है कि इन दिनों सेतगंगा मेला चल रहा है, जिसके चलते कुंड और आसपास भारी भीड़ रहती है। जिस समय यह दुर्घटना हुई, उस समय भी स्नान करने वालों की संख्या काफी अधिक थी। अत्यधिक भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था की कमी के कारण समय रहते किसी को स्थिति का अंदाजा नहीं हो सका और यह दर्दनाक हादसा हो गया।

इस घटना को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता एवं गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के प्रदेश महासचिव गणेश यादव ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने इसे प्रशासन की लापरवाही बताया और इस मामले में जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से इस अपूर्ण क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने भी मेले के दौरान जलकुंडों में पर्याप्त सुरक्षा, गोताखोरों की तैनाती और चेतावनी संकेत लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।