( संविधान शक्ति न्यूज़ ) :– छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के साइंस कालेज मैदान में गुरुवार को राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव शुरू हुआ। लोकसभा सांसद राहुल गांधी ने बधाई भेजकर छत्तीसगढ़ शासन की प्रशंसा की है। उन्होंने अपने शुभकामना संदेश जारी किया है। इस संदेश में राहुल गांधी ने कहा- छत्तीसगढ़ में आदिवासी कलाकारों को मंच देकर लोगों को आदिवासियों की प्राचीन और परंपरागत संस्कृति से रू-ब-रू कराने का यह कदम भारत की अनेकता में एकता के भाव को और मजबूत करेगा।
बता दें कि 2019 में छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव के आयोजनों की शुरुआत राहुल गांधी ने ही की थी। छत्तीसगढ़ में दूसरी बार आयोजित हुए इस महोत्सव में राहुल गांधी शामिल नहीं हो सके। राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव समारोह के उद्घाटन अवसर पर उनके संदेश का वाचन पूर्व राज्यसभा सांसद बीके हरिप्रसाद ने किया। वहीं सीएम बघेल ने राहुल गांधी के प्रति आभार व्यक्त किया।
राहुल ने यह कहा संदेश में
राहुल गांधी ने अपने संदेश में कहा है कि हमारे आदिवासी भाई और बहन अपनी विरासत को सहेजने में न सिर्फ सबसे आगे रहे हैं, बल्कि वे हमारे प्राचीन ज्ञान को भी संरक्षित करने में अपना योगदान दे रहे हैं। आदिवासियों का हर लोक गीत, नृत्य, चित्र, शिल्प एक अलग ही कहानी कहता है।
ये कहानियां हमारे पूर्वजों की रोचक और आकर्षक दुनिया का बोध कराने के साथ ही उनके एहसासों को महसूस कराती हैं। मुझे खुशी है कि छत्तीसगढ़ सरकार आदिवासी संस्कृति, कला और कलाकारों को अपनी पहचान को लोगों की बीच रखने का मौका दे रही है।