कोल कंपनी के संचालक के खिलाफ युवती ने दुष्कर्म का केस दर्ज कराया है। - Dainik Bhaskar
कोल कंपनी के संचालक के खिलाफ युवती ने दुष्कर्म का केस दर्ज कराया है।

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में युवती से रेप कर VIDEO बनाने वाले कोल कंपनी संचालक के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है। संचालक ने अपने स्टाफ की महिला कर्मी से पहले रेप किया। इसके बाद उसका न्यूड VIDEO बनाकर उसे डरा-धमका कर चार साल तक लगातार दुष्कर्म करता रहा। संचालक की हरकतों से त्रस्त होकर युवती ने जब नौकरी छोड़ दी, तब उसने पिस्टल अड़ाकर धमकाना शुरू कर दिया। आखिरकार, किसी तरह युवती ने हिम्मत जुटाई और पुलिस तक पहुंची। मामला सिविल लाइन थाने का है।

जानकारी के अनुसार बिल्हा थाना क्षेत्र की 27 वर्षीय युवती सिविल लाइन क्षेत्र में रहती थी। वह तेलीपारा स्थित बजरंग कॉम्प्लेक्स स्थित AR कोल ट्रेडिंग कंपनी में मार्च 2018 से एकाउंटेंट का काम कर रही थी। कंपनी ने उसे रहने के लिए विनोबा नगर स्थित ऊषा टावर में फ्लैट भी दिया था। उसके नौकरी जॉइन करने के कुछ दिन बाद से कोल ट्रेडिंग कंपनी के संचालक रामजीत सिंह की बुरी नजर उस पर पड़ गई थी।

फ्लैट में घुसकर किया रेप
युवती ने पुलिस को बताया कि कोल ट्रेडिंग कंपनी के संचालक रामजीत सिंह की बुरी नजर उस पर शुरू से थी। मार्च 2018 में काम शुरू करने के एक माह के भीतर ही संचालक रात में उसके फ्लैट पहुंच गया। फिर रेप किया और मोबाइल से VIDEO भी बना लिया। इसके बाद से ब्लैकमेल कर चार साल तक दुष्कर्म करता रहा। इस दौरान किसी को बताने पर हत्या करवाने की धमकी दी।

दो बार कराया गर्भपात
लगातार चार साल तक दुष्कर्म करने के दौरान युवती दो बार प्रेग्नेंट भी हो गई थी, तब कोल कंपनी के संचालक ने उसका अबार्शन करा दिया। युवती के मना करने पर उसका VIDEO वायरल कर उसे बदनाम करने की धमकी देने लगा। उसकी हरकतों से तंग आकर युवती ने नौकरी छोड़ दी और ऑफिस जाना भी बंद कर दी थी। इसके बावजूद संचालक उसे धमकी देकर बुलाता रहा। युवती के मना करने पर उसने गन भी तान दी थी।

केस दर्ज कर आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
चार साल तक युवती कोल कंपनी के संचालक की प्रताड़ना सहती रही। काम छोड़ने के बाद भी उसने पीछा नहीं छोड़ा, तब युवती ने किसी तरह हिम्मत जुटाई और शिकायत लेकर पुलिस के पास पहुंची और TI परिवेश तिवारी से आप बीती बताई। उन्होंने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कोल ट्रेडिंग कंपनी के संचालक आरोपी रामजीत सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।