भिलाई टाउनशिप क्षेत्र में मंगलवार सुबह 6 बजे के करीब सेक्टर-4 मार्केट के पास स्थित दो पानी की टंकी भरभराकर गिर गईं। गनीमत ये रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। मेंटनेंस ऑफिस के कुछ हिस्से को भी नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद से मौके पर लोगों की भीड़ लगी है।

दोनों टंकी से सेक्टर 4 और सेक्टर 3 क्षेत्र में पानी सप्लाई की जाती थी। चश्मदीदों के मुताबिक पहले एक पानी टंकी गिरी और उसने दूसरी को भी चपेट में ले लिया। पलभर में 36 लाख लीटर पानी मलबे के साथ सड़क पर आ गया। दोनों टंकियों से 3000 घरों में पानी जाता था। दोनों टंकियों की कैपेसिटी 18 – 18 लाख लीटर थी।
मेंटेनेंस पर ध्यान नहीं दिया बीएसपी प्रबंधन- विधायक
पानी टंकी गिरने की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक और मेयर मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया। देवेंद्र के मुताबिक ‘बीएसपी प्रबंधन को लगातार इसकी जानकारी देकर मरम्मत की मांग की गई थी। लेकिन इस ओर ध्यान नहीं दिया। जबसे बीएसपी का प्राइवेटाइजेशन हो रहा है। बीएसपी के अधिकारी अपनी सोशल रिस्पॉन्सबिलिटी भूल गए हैं। कोशिश की जाएगी कि निगम प्रशासन, जिला प्रशासन और बीएसपी के सहयोग से लोगों को पानी देने की व्यवस्था की जाए’।