ग्राम स्तर पर विशेष शिविरों का 28 फरवरी तक होगा आयोजन
बिना किसान आईडी के नहीं मिलेगी पीएम किसान सम्मान निधि की 22वीं किश्त

मुंगेली, 09 फरवरी 2026// प्रधानमंत्री गतिशक्ति योजना के अंतर्गत एग्रीस्टैक परियोजना के माध्यम से देशभर में किसानों के हित में डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर को सशक्त किया जा रहा है। इस परियोजना के तहत सभी कृषि भूमिधारकों के लिए फार्मर लैंड आईडी एवं किसान पहचान पत्र तैयार किया जाना अनिवार्य है, ताकि किसानों को शासन की योजनाओं का सीधा और पारदर्शी लाभ मिल सके। इसी तारतम्य में शेष किसानों के पंजीयन को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के उद्देश्य से 28 फरवरी तक ग्राम स्तर पर विशेष पंजीयन शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
कृषि विभाग के उपसंचालक ने बताया कि जिले में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत कुल 93 हजार 696 लाभार्थी कृषकों में से अब तक 78 हजार 503 किसानों का पंजीयन पूर्ण किया जा चुका है, जबकि 15 हजार 193 किसानों का पंजीयन अभी शेष है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त का भुगतान केवल उन्हीं किसानों को किया जाएगा, जिनकी किसान आईडी तैयार हो चुकी है। ऐसे में जिन किसानों ने अब तक पंजीयन नहीं कराया है, वे शीघ्र पंजीयन सुनिश्चित कराएं। अधिक जानकारी के लिए किसान कृषि विभाग के मैदानी अमले अथवा कार्यालयीन वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं।