12वीं क्लास की स्टूडेंट का किडनैप,रेप और फिर हत्या का मामला अभी तक सुलझा नहीं है। पुलिस अलग-अलग एंगल से मामले की जांच कर रही है। लड़की का शव कुएं से निकाला गया तब फूला हुआ नहीं था और न ही पानी के उपर तैरता मिला। ऐसे में संभावना है कि लड़की को मारकर कुएं में डाला गया था। उसके शरीर पर भी किसी प्रकार की चोट के निशान नहीं है। हालांकि पिता की रिपोर्ट पर स्कूल टीचर को गिरफ्तार किया गया है। वहीं घटना के बाद से माता-पिता अपने बच्चों को स्कूल भेजने से डर रहे है।

दरअसल, मामला सवाई माधोपुर के बौंली एक गांव का है। 16 साल की स्टूडेंट के पिता ने 9 अगस्त को उसकी किडनैपिंग का मामला दर्ज करवाया था। लड़की 8 अगस्त से घर से लापता थी। तीसरे दिन उसका शव कुएं से बरामद किया गया था।  लड़की के गांव जाकर उसके माता-पिता और स्कूल स्टाफ से बात की।

पिता बाबा के दर्शन करने गया, बेटी घर से लापता

बातचीत के दौरान लड़की के पिता ने पूरे घटनाक्रम को बताया। पिता ने बताया कि 8 अगस्त को वह भर्तहरी बाबा के दर्शन करने गया था। रात को उसके पिताजी का फोन आया कि बेटी घर पर नहीं है। वह घर पर आया। तब बेटी और उसके स्कूल के टीचर रामरतन पुत्र राधेश्याम मीणा निवासी नारोली चौड के बीच मोबाइल पर बातचीत होना सामने आया। टीचर को फोन किया तो उसने बेटी उसके पास नहीं होने की बात कही। आस-पास और रिश्तेदारी में फोन किया, लेकिन कुछ पता नहीं चला।

स्कूल स्टॉफ ने टीचर को छात्रा से बात करने पर ठोका था

आरोपी टीचर पिछले 2 साल से बौंली के एक सरकारी स्कूल में पढ़ाता था। स्कूल स्टॉफ और बच्चों ने बातचीत के दौरान बताया कि वह दसवीं क्लास को गणित पढ़ाता था। टीचर और क्लास के बच्चों के बीच मोबाइल पर बात होती थी। टीचर नारोली चौड़ से हर दिन अप डाउन करता था। बताया जा रहा है टीचर की पत्नी भी एक टीचर हैं। जो वर्तमान में राजसमंद में कार्यरत हैं। वहीं टीचर के दो बेटे दस और आठ साल के है। टीचर का नाबालिग किशोरी के घर उसका आना-जाना था। स्कूल स्टॉफ ने आरोपी को मृतक छात्रा से बात करने को रोका भी था।