बिलासपुर: Bilaspur Railway News: सफर के दौरान यात्री अब दाल, चावल, सब्जी व रोटी के अलावा गोलगप्पे (पानी पुरी) और चाट का स्वाद भी ले सकेंगे। आइआरसीटीसी क्षेत्रीय कार्यालय का दावा है कि रेलवे खानपान में चाट व गोलगप्पे खिलाने की इस योजना की शुरुआत पूरे देश में छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्टेशन से हो रही है। बेहतर परिणाम मिलने पर दूसरे स्टेशनों पर भी यह सुविधा शुरू की जाएगी।

ई-केटरिंग सुविधा के तहत शहर के एक रेस्तरां टिफिनाक्स को इसकी अनुमति दी गई है। संचालक द्वारा निर्धारित कीमत को भी हरी झंडी मिल गई है, जिसके तहत सितंबर के प्रथम सप्ताह से 40 नग पानी पुरी 150 रुपये और कुल्हड़ चाट 120 रुपये में उपलब्ध होगी। यात्रियों के लिए एक राहत यह भी है कि वह चाहे तो गोलगप्पे या चाट का भुगतान आनलाइन या फिर नकद भी कर सकते हैं। यदि सामान गुणवत्ताहीन या पसंद नहीं आया तो उन्हें शिकायत करने पर तत्काल किया गया भुगतान रिफंड भी हो जाएगा।

ये भी मिलेंगे

गोलगप्पे व चाट के अलावा यात्री कुल्हड़ भेल, फ्राई लिट्टी-चोखा, दही पुरी, सेव पुरी, कोलकाता क्लब कचौरी, ब्रेड बटर व बर्गर भी आर्डर कर सकते हैं।

ऐसे करनी होगी बुकिंग

यात्रियों को मोबाइल पर फूड आन ट्रैक एप डाउनलोड करना होगा। इसमें पीएनआर नंबर दर्ज करने के विकल्प में जाकर स्टेशन चुनना होगा। स्टेशन क्लिक करने के बाद उपलब्ध होटल व रेस्त्ररां की सूची आएगी। संबंधित रेस्त्ररां का चयन करते ही मेनू दिखने लगेगा। सलेक्ट करते ही तत्काल ओटीपी आएगा। इसे सामान देने वाले वेंडर को दिखाना होगा।

रेलवे खानपान में चाट व गोलगप्पे की शुरुआत पूरे देश में बिलासपुर स्टेशन से ही हो रही है। बेहतर परिणाम मिलने पर जोन के दूसरे स्टेशनों के लिए प्रस्ताव मंगाकर यह सुविधा शुरू कराई जाएगी।

– जेराल्ड सोरेन, एरिया मैनेजर, आइआरसीटीसी बिलासपुर