बिलासपुर ( संविधान शक्ति न्यूज ) – जिले में एक बार फिर वैक्सीनेशन की रफ्तार धीमी पड़ गई हैं। अब लोग वैक्सीन लगवाने के लिए टीका सेंटर में नहीं पहुंच रहे है। स्वास्थकर्मी ऐसे में केवल इंतजार करते दिखाई देते है। कर्मचारी कहते है कि वह लोगों को कॉल कर बुलाते है लेकिन कोई आता ही नहीं। यही वजह है कि गुरुवार के दिन 136 सेंटर में वैक्सीनेशन जीरो दर्ज किया गया।

15 दिन पहले तक जिले में वैक्सीन लगवाने वाले लोगों की लंबी-लंबी लाइन सेंटर के बाहर नजर आती थी। लेकिन अब सेंटर में स्वास्थ्य कर्मियों को छोड़ कोई दिखाई नही देता। टीकाकरण अधिकारी मनोज सैमुअल ने बताया कि लगभग 70% आबादी को वैक्सीन की फर्स्ट डोज लग चुकी है। सेकंड डोज लगवाने लोग आ नही रहे। कुछ लोग तो फर्स्ट डोज लगवाने भी नही आ रहे हैं।

10 दिन पहले तक 1 वैक्सीन के पीछे 4 लोग दिखाई देते थे
मनोज सैमुअल ने बताया कि 10 दिन पहले एक वैक्सीन की डोज के लिए चार लोग खड़े दिखाई देते थे। अब हालात बदल गए है। बताया कि जिले की आबादी 13 लाख हैं जिसमें से अब तक 7 लाख लोगों को फर्स्ट डोज लग चुकी है। वहीं 1.5 लाख लोगों को दोनों डोज लग चुकी है। अभी हमारे पास को-वैक्सीन और कोविशील्ड की 8500 डोज मौजूद हैं। जिसमें से को वैक्सीन की लगभग 250 डोज बची होंगी। शाम तक और वैक्सीन आने की उम्मीद हैं।

कॉल कर रहे लेकिन नहीं पहुंचते लोग
लाला लाजपतराय शासकीय स्कूल में संचालित वैक्सीन सेंटर में ड्यूटी कर रहे राजेंद्र ठाकुर(60) बताते है कि हम लोगों को हर दिन कॉल करते है की वैक्सीन लगवाने आ जाए लेकिन कोई आता नही। गुरुवार के दिन हमने 112 लोगों को कॉल करके सेकंड डोज लगवाने के लिए कहा था जिसमें से केवल 12-13 लोग ही वैक्सीन लगवाने सेंटर पहुंचे।
