संविधान शक्ति न्यूज़ :- जबलपुर। तिलवारा थाना क्षेत्र में डुडवारा के पास नर्मदा नदी घाट में एक युवक का शव उतराते हुए मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृत युवक की शिनाख्त शुरू की गई। मृतक की शिनाख्त मढ़ाताल करमचंद चौक निवासी के रूप में की गई है। इसके बाद उसके स्वजन को सूचना देकर शव को पीएम के लिए भिजवाते हुए जांच शुरू की।

तिलवारा पुलिस ने बताया कि डुडवारा निवासी कोटवार बलराम झारिया 45 वर्ष ने सूचना दी कि नर्मदा नदी घाट में एक युवक का शव उतरा रहा है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को गोताखोरों की मदद से बाहर निकाला। वहीं जांच में पता चला कि शव तीन चार दिन पुराना लग रहा है। मृतक की शिनाख्त करमचंद चौक मढ़ाताल निवासी गितेश कपूर 38 वर्ष के रूप में की गई। बताया गया है कि उसकी करमचंद चौक पर एक इलेक्ट्रानिक्स की दुकान है।

भेड़ाघाट के गुबरा घाट में मिली थी मोपेड : बताया जा रहा है कि 3 सितम्बर को भेड़ाघाट के गुबरा घाट के पास एक मोपेड मिली थी। जिसके रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर जांच की गई, तो पता चला था कि वह मोपेड गितेश की है। जिसके बाद उसके स्वजन ने मामले की सूचना थाने में दी थी। इसके बाद से भेड़ाघाट पुलिस गितेश की तलाश कर रही थी। वहीं जांच में यह भी पता चला कि है वह कर्ज के कारण तनाव में रहता था। हालांकि उसने यह कदम क्यों उठाया, इसके बारे में उसके स्वजन के बयान लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बंदरकोला के पास नहर में डूबे युवक का शव सगड़ा में मिला : बरगी थाना क्षेत्र में आनंद नगर अधारताल निवासी ओमप्रकाश चौधरी का शव सगड़ा में उतराते हुए मिला। पुलिस ने शव को पीएम के लिए भिजवाते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि नेता कॉलोनी निवासी संदीप कुमार चौधरी अपनी बाइक से अपने बड़े पिता के बेटे ओमप्रकाश चौधरी, दोस्त हिमांशु दुबे और दिलीप के साथ रविवार को पिकनिक मनाने के लिए बंदरकोला गांव के पास नहर गया था। जहां मोपेड फिसल जाने के कारण ओमप्रकाश गिर गया था और उसके कपड़े खराब हो गए थे। इसके बाद ओमप्रकाश नहर में कपड़े साफ करने और नहर में नहाने चला गया था। जहां नहाते वक्त वह तेज बहाव में बह गया था। वहीं मामले की सूचना बरगी टीआइ ने डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट नीरज सिंह ठाकुर को दी। जिनके निर्देश पर प्लाटून कमांडर मनीष लोहट के नेतृत्व में हवलदार एंथोनी पॉल और अन्य आठ जवानों की क्यूआरटी टीम को मौके पर रवाना किया। टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू शुरू किया और दोपहर तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सगड़ा में नहर के पानी में ओमप्रकाश का शव उतराते मिला, शव को बाहर निकालकर आगे की कार्रवाई शुरू की गई।