संविधान शक्ति न्यूज :- आबकारी अमले ने पचपेड़ी क्षेत्र के बेल्हा और चिल्हाटी में दबिश देकर 144 लीटर महुआ शराब जब्त की है। वहीं, नाले के पास छिपाकर रखे 3,150 किलो महुआ लहान को नष्ट किया है। टीम गांव में पूछताछ कर शराब बनाने वालों की जानकारी जुटा रही है। आबकारी उपायुक्त नीता नोतानी ठाकुर ने बताया कि शुक्रवार की शाम सूचना मिली कि पचपेड़ी क्षेत्र के बेल्हा और चिल्हाटी में भारी मात्रा में महुआ शराब बनाई जा रही है। इस पर उन्होंने टीम बनाकर कार्रवाई के निर्देश दिए।
टीम ने शनिवार की सुबह बेल्हा और चिल्हाटी में एक साथ दबिश देकर 144 लीटर महुआ शराब जब्त की। वहीं 3,150 किलो लहान नष्ट किया गया है। टीम में सहायक जिला आबकारी अधिकारी एसके द्विवेदी, आशीष सिंह, आबकारी उपनिरीक्षक आनंद वर्मा, रमेश दुबे, आरक्षक मूलचंद कौशिक, राजेश पांडेय, शुभम रजक, संजय गुप्ता, घनश्याम राठौर, राजकुमार कुर्रे, रामसनेही यादव, तुलेश्वर राठौर व उपेंद्र सिंह शामिल रहे।

शहर के आसपास बिक रही अवैध शराब

शहर के आसपास के गांव में भी अवैध शराब बिक रही है। बीते दिनों सिरगिट्टी पुलिस ने ऐसे ही एक मामले में आरोपित को महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपि के कब्जे से गैस और शराब बनाने का सामान भी जब्त किया। वहीं, महुआ लहान नष्ट किया गया।

दूसरे प्रदेश से भी आ रही शराब

आबकारी अमले ने बीते दिनों हिर्री क्षेत्र से मध्यप्रदेश की शराब पकड़ी। पूछताछ में आरोपित शराब उपलब्ध कराने वालों की जानकारी नहीं दे पाया। इसके बाद आबकारी अमला आरोपित के मोबाइल से शराब तस्करों की जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है।