संविधान शक्ति न्यूज :- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के तेलीबांधा मरीन ड्राइव पर तेलीबांधा पुलिस ने देर रात हुक्का डिलीवरी ब्वाय को हुक्का सहित पकड़ा है। बताया जाता है कि टेमरी निवासी टेक चंद साहू से पुलिस ने सात नग हुक्का पाठ और जर्दा तंबाखू युक्त रा-मटेरियल समेत कोक सिगड़ी आदि जब्त किया है। पुलिस की पूछताछ में पता चला कि आरोपित हुक्का की होम डिलीवरी कर रहा था। इसके पहले आरोपित कैफे में काम करता था और कैसे का काम बंद होने के कारण वह हुक्का बार में काम करने लगा। आरोपित के खिलाफ पुलिस कोटपा एक्ट के तहत कार्रवाई कर रही है।
कलेक्टर बोले- दिवाली के दौरान असामाजिक तत्वों पर नजर रखे पुलिस
दिवाली के मद्देनजर जिला प्रशासन ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने के लिए पुलिस अधिकारियों को सतर्क किया है। मंगलवार को कलेक्टर सौरभ कुमार ने पुलिस अधिकारियों की बैठक में कहा कि दिवाली के दौरान असामाजिक तत्वों पर पुलिस लगातार नजर रखे। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार अग्रवाल मौजूद रहे। इस दौरान राजस्व और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की घंटों मैराथन बैठक चली। इस अवसर पर अतिरिक्त कलेक्टर एनआर साहू, अपर कलेक्टर पदमिनी भोई साहू, बीसी साहू, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तारकेश्वर पटेल और सभी अनुविभागीय दंडाधिकारी (राजस्व) समेत जिले के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
समन्वय से काम करें अफसर
कलेक्टर सौरभ कुमार ने अधिकारियों से एक-दूसरे से सतत संपर्क बनाए रखने और समन्वय से कार्य करने कहा। आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, पर्व आदि अवसर पर कानून व्यवस्था बनी रहे। उन्होंने असामाजिक तत्वों पर नजर रखने, संयमित आचरण करने, सूचना तंत्र प्रभावी बनाने और आम नागरिकों का पुलिस एवं प्रशासन पर विश्वास बना रहे, इस बात का विशेष ध्यान देने कहा।